जनपद देवरिया स्थित सनबीम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आज जिलाधिकारी कार्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल से संवाद स्थापित कर प्रशासनिक कार्यों, जनसेवा, नीतियों के क्रियान्वयन तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों को जानने-समझने का प्रयास किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जिले में संचालित विकास कार्यों, शासन की कल्याणकारी योजनाओं, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने की प्रक्रिया, तथा नागरिक शिकायतों के समाधान की व्यवस्था को लेकर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। जिलाधिकारी ने सभी प्रश्नों का उत्तर अत्यंत सहजता व सरल भाषा में देते हुए छात्रों को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जनसेवा का माध्यम है और उसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुँचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों का पालन करने, अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, चिकित्सक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। छात्र-छात्राओं ने इस संवाद कार्यक्रम को एक प्रेरणादायक अनुभव बताया।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रशासनिक तंत्र के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास के रूप में देखा गया।