Deoria News: भोजन में कीड़ा, छात्र आक्रोशित: आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज मेहरौना की दुर्दशा फिर आई सामने

देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के मेहरौना स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज एक बार फिर से अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही के कारण सुर्खियों में आ गया है। यहां अध्ययनरत छात्र, भोजन में कीड़ा मिलने से इतने आक्रोशित हो गए कि उन्होंने कॉलेज परिसर में ही धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

छात्रों का आरोप बेहद गंभीर है। उनका कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब खाने में गंदगी मिली हो। वे बताते हैं कि कई बार खाने में कीड़े, मरी हुई छिपकलियां या सड़ी-गली सब्जियां परोसी जाती हैं। रविवार को जब दोपहर के भोजन में कीड़ा निकला, तो छात्रों का धैर्य जवाब दे गया और वे विरोध में उतर आए।

धरना दे रहे छात्रों ने बताया कि अगस्त 2024 में भी बासी छोले खाने से दर्जनों बच्चे बीमार हो गए थे, लेकिन तब भी प्रशासन ने केवल दिखावटी कार्रवाई की और आज तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। छात्रों का दर्द साफ झलकता है—वे कहते हैं कि यहां भोजन न तो समय पर मिलता है, न ही स्वच्छता का ध्यान रखा जाता है।

घटना की सूचना पर एसडीएम देवरिया श्रुति शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने छात्रों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम ने विद्यालय के स्टाफ और प्रधानाचार्य से भी तत्काल जवाब-तलब किया। उनका कहना था कि छात्रों की सेहत और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा

यह विद्यालय आश्रम पद्धति पर आधारित है, जहां कक्षा 6 से 12 तक के छात्र देवरिया ही नहीं, अन्य जिलों से आकर रहकर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में इस प्रकार की अव्यवस्था छात्रों के स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के साथ खिलवाड़ है।

स्थानीय अभिभावक भी अब खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से भोजन व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। वहीं छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे पढ़ाई तक छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे।

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn