गोरखपुर से वाराणसी के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। अब 15103/15104 नंबर की गोरखपुर-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस चौरीचौरा रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। रेलवे बोर्ड ने इस महत्वपूर्ण फैसले पर मुहर लगा दी है और जल्द ही इसके स्टॉपेज की तिथि भी घोषित की जाएगी।
ये खबर सिर्फ एक स्टॉपेज की नहीं, बल्कि चौरीचौरा और आसपास के हजारों लोगों की भावनाओं से जुड़ी हुई है। लंबे समय से यहां के लोग इस ट्रेन के रुकने की मांग कर रहे थे। क्योंकि अभी तक उन्हें गोरखपुर या देवरिया जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, जिससे न सिर्फ समय बल्कि पैसा भी अधिक खर्च होता था।

इस जनहितकारी निर्णय के पीछे केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान की सक्रिय भूमिका भी रही। उन्होंने यात्रियों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री से मिलकर चौरीचौरा में ट्रेन के ठहराव की पुरजोर मांग की थी, जो अब रंग लाई है।
ट्रेन का स्टॉपेज फिलहाल दो मिनट का होगा, लेकिन यह छोटा सा ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए बहुत बड़ा सुकून लेकर आया है। अब उन्हें छोटी दूरी के सफर के लिए लंबी यात्राएं नहीं करनी पड़ेंगी और सीधे अपने नजदीकी स्टेशन से इंटरसिटी पकड़ सकेंगे



