देवरिया के सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। यह मेल Mdseraj813@gmail.com से भेजा गया है, जिसमें विधायक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हत्या की धमकी दी गई है। मेल में बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया—
“इतनी गोलियां मारेंगे कि लाश के चिथड़े उड़ जाएंगे। योगी आदित्यनाथ का भी जो हाल होगा, पूरा इंडिया देखेगा। ओपन चैलेंज है, मजार को छूकर दिखा लो।”
मामला अवैध कब्जे से जुड़ा
यह विवाद गोरखपुर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बनी मजार से जुड़ा है। विधायक ने हाल ही में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत की थी। पत्र में बताया गया था कि यह भूमि बंजर भूमि, कुर्ना नाला और नेशनल हाइवे की है, लेकिन धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ता जा रहा है।
सीएम योगी ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए डीएम और एसपी को जांच के आदेश दिए हैं।

पहले भी उठ चुका है सवाल
विधायक का कहना है कि करीब 28 साल पहले आरएसएस प्रचारक रामनगीना यादव ने भी मजार की वैधता पर सवाल उठाया था। उसके कुछ समय बाद ही उनकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से लोग इस मुद्दे पर बोलने से डरते रहे।
2017 में भी अवैध कब्जे का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें एक लेखपाल समेत चार लोगों पर केस लिखा गया था, लेकिन बाद में मामला दबा दिया गया।
सुरक्षा में बढ़ोतरी
धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट हो गए हैं। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी का कहना है कि उन्हें लगातार व्हाट्सऐप पर भी धमकी संदेश मिल रहे हैं, जिनकी जानकारी प्रशासन को दी जा रही है।
विधायक ने सरकार से मांग की है कि इस प्रकरण की जांच के लिए विशेष टीम बनाई जाए और यदि अवैध कब्जा साबित हो तो भूमि को तत्काल मुक्त कराया जाए।




