देवरिया (सलेमपुर): उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को बापू महाविद्यालय इंटर कॉलेज, सलेमपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में कक्षा 12 की छात्रा कु. कली पाण्डेय को एक दिन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य बनाया गया।

एक दिन की प्रधानाचार्या के रूप में कली पाण्डेय ने विद्यालय का निरीक्षण किया, शिक्षण व्यवस्था का पर्यवेक्षण किया और छात्राओं को अनुशासन व शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद स्थापित कर विद्यालय की कार्यप्रणाली को समझा और दिनभर जिम्मेदारीपूर्वक अपना दायित्व निभाया।

इस कार्यक्रम में अन्य छात्राओं ने भी महिला शिक्षिकाओं की भूमिकाएँ निभाईं और अपने नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार और छात्राओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेटियों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और स्वाभिमान की भावना को मज़बूत बनाते हैं।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि “मिशन शक्ति” जैसे अभियानों से छात्राओं में न केवल आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ रही है, बल्कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन रही हैं।