Deoria News: दिल्ली कार विस्फोट में देवरिया के युवक घायल, लाल किला के पास हुआ हादसा — हालत अब स्थिर

नई दिल्ली/देवरिया | देवरिया पोस्ट डिजिटल डेस्क


दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए कार विस्फोट में देवरिया जिले के भलुअनी नगर पंचायत, जयप्रकाश नगर निवासी 25 वर्षीय शिवा जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की खबर मिलते ही पूरे भलुअनी कस्बे में हड़कंप मच गया और देर रात तक उनके घर पर शुभचिंतकों की भीड़ लगी रही।

दिल्ली गए थे कपड़ों की खरीददारी के लिए

जानकारी के अनुसार, शिवा जायसवाल 9 नवंबर को कपड़ों की खरीददारी के लिए दिल्ली गए थे। गांधी नगर मार्केट से खरीदारी करने के बाद वे भजनपुरा स्थित अपनी बहन पूर्णिमा जायसवाल के घर पहुंचे। भोजन करने के बाद शाम करीब 5 बजे वह अपने मौसी के लड़के से मिलने गोविंदपुरी कॉलोनी जा रहे थे। इसी दौरान लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट की चपेट में आ गए।

कपड़ों की दुकान चलाते हैं शिवा

शिवा भलुअनी कस्बे के मुख्य चौक स्थित शिव मंदिर के पास रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। वे दिल्ली, सूरत और कानपुर से कपड़े खरीदकर स्थानीय बाजार में बेचते हैं। व्यापारिक कार्यों के चलते वे अक्सर दिल्ली आते-जाते रहते हैं।

मां माया जायसवाल बेहोश, घर में गमगीन माहौल

शिवा की मां माया जायसवाल, जो भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला महामंत्री रह चुकी हैं, बेटे के घायल होने की खबर सुनते ही बेहोश हो गईं। मंगलवार सुबह वे दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। घर पर इस समय गमगीन माहौल बना हुआ है और परिजन भगवान से शिवा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn