भटनी में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल: परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम किया, हत्या का आरोप

देवरिया। जिले के भटनी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने भटनी अंडरपास पर शव को सड़क पर रखकर भटनी-भरथुआ मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर खुरहुरिया निवासी सूरज राजभर (पुत्र मधु राजभर) का शव रविवार सुबह जे.डी. पब्लिक स्कूल के पीछे एक पेड़ से लटका मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है, लेकिन परिजन इस निष्कर्ष से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि सूरज की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। परिजनों ने तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इसी को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे।

मृतक सूरज राजभर अपने परिवार में तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn