लखनऊ और दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के मोतिहारी में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान वर्चुअल माध्यम से तीन नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये ट्रेनें यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस एक नया अनुभव लेकर आ रही हैं और पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेंगी।
कौन-कौन सी हैं ये ट्रेनें?
- दरभंगा – गोमती नगर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस
- बापूधाम मोतिहारी – आनंद विहार द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस
- मालदा टाउन – गोमती नगर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस
तीनों ट्रेनें आज 18 जुलाई को उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेंगी। इसके बाद ये नियमित रूप से अपनी तय तारीखों से चलेंगी।
दरभंगा – गोमती नगर एक्सप्रेस:
उद्घाटन विशेष गाड़ी (05561) दरभंगा से आज 11:45 बजे प्रस्थान करेगी और गोरखपुर होते हुए गोमती नगर में अगले दिन सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी।
नियमित सेवा (15561) 26 जुलाई से हर शनिवार चलेगी और वापसी ट्रेन (15562) 27 जुलाई से हर रविवार।
मुख्य स्टेशन: दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीवान, गोरखपुर, बस्ती, गोमती नगर
कुल कोच: 22 — जिसमें 12 शयनयान, 8 सामान्य श्रेणी, 2 LSLRD
बापूधाम मोतिहारी – आनंद विहार एक्सप्रेस:
उद्घाटन विशेष गाड़ी (05599) मोतिहारी से आज सुबह 11:45 बजे रवाना होकर नरकटियागंज, बगहा, गोरखपुर, लखनऊ होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
नियमित ट्रेन सेवा जल्द शुरू होगी।
कुल कोच: 22 — 8 शयनयान, 11 सामान्य, 2 LSLRD, 1 पैंट्रीकार
मालदा टाउन – गोमती नगर एक्सप्रेस:
उद्घाटन विशेष (03435) आज सुबह 11:45 बजे भागलपुर से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे गोमती नगर पहुंचेगी।
नियमित सेवा (13435) 24 जुलाई से हर गुरुवार को
वापसी ट्रेन (13436) 25 जुलाई से हर शुक्रवार को गोमती नगर से
मुख्य मार्ग: मालदा टाउन, भागलपुर, गया, वाराणसी, अयोध्या, गोमती नगर
कुल कोच: 22 — 8 शयनयान, 11 सामान्य, 2 LSLRD, 1 पैंट्रीकार
क्यों खास हैं ये ट्रेनें?
ये सभी ट्रेनें गैर-वातानुकूलित प्रीमियम एक्सप्रेस श्रेणी की हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक तकनीक और डिज़ाइन शामिल हैं:
- मोबाइल चार्जिंग पोर्ट
- एयर स्प्रिंग बॉडी
- रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स
- दिव्यांगजन अनुकूल स्वच्छ टॉयलेट
- फायर डिटेक्शन सिस्टम
- टॉक-बैक यूनिट
- उन्नत प्रकाश व्यवस्था




