देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र के चांदपार पुलिया के पास बृहस्पतिवार दोपहर लगभग तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
घायल युवकों में एक की पहचान निखिल चौहान के रूप में हुई है, जो बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के पटखौली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक निखिल भरथुआ से लौट रहे थे कि तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। इसी बीच देवरिया से गुजर रहे एक राहगीर रजनीश दुबे ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से भटनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।




