देवरिया: गौरीबाजार पुलिस ने 3 चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार


देवरिया।
जनपद के थाना गौरीबाजार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नगदी और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना गौरीबाजार पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पश्चिमी रेलवे ढाला के पास छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार अभियुक्तों में राजू उर्फ संकेश्वर पटेल, बिट्टू उर्फ अखिलेश कुमार भारती और अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू शामिल हैं, जो सभी थाना क्षेत्र के ग्राम जोगम के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 65 किलो गेहूं, 100 किलो चावल, तीन बड़े एल्यूमीनियम के भगौने, दो ढक्कन, एक सोलर पैनल, एक ई-रिक्शा और 4600 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने 12 मार्च को खरोह चौराहा स्थित एक दुकान, 17 मार्च को एक मकान के स्टोर रूम तथा 19 जनवरी को जंगल सहजौली स्थित सोलर प्लांट से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn