नोनापार, देवरिया।
नोनापार स्थित देवबंधु महाविद्यालय को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से विज्ञान संकाय की संबद्धता प्राप्त हो गई है। यह मान्यता शैक्षिक सत्र 2025-26 से प्रभावी होगी। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से क्षेत्रीय छात्रों को अब अपने ही क्षेत्र में विज्ञान की उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय में बीएससी के अंतर्गत जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषयों की पढ़ाई होगी। इससे छात्रों को स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय में अध्ययन करने की सुविधा अपने गृह क्षेत्र में ही मिल सकेगी।
महाविद्यालय के प्रबंधक पंडित गंगेश्वर नाथ तिवारी (मुन्ना बाबू) ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में संस्था में बीए की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। साथ ही, राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से भी विभिन्न पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
विज्ञान संकाय की मान्यता मिलने पर क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों में हर्ष का वातावरण है। यह मान्यता न केवल शैक्षणिक स्तर को ऊंचा करेगी, बल्कि युवाओं को विज्ञान के क्षेत्र में नई दिशा देने का कार्य भी करेगी।