देवरिया। जिले के खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बलुवन खास निवासी कामरेड छोटेलाल कुशवाहा अपनी पत्नी कालिंदी देवी के साथ बाइक से किसी कार्य से भिंगारी बाजार आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान भवानी छापर मोड़ के पास मछली हटा के समीप उनकी बाइक एक पेट्रोल टैंकर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को भाटपाररानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कालिंदी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटेलाल कुशवाहा का उपचार किया गया।
बताया जा रहा है कि मृतका कालिंदी देवी अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद पेट्रोल टैंकर को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



