देवरिया, 21 जुलाई 2025:
देवरिया कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित ज्ञानेश्वर मिश्र उर्फ प्रीतम मिश्रा को शपथ दिलाई। तत्पश्चात अध्यक्ष ने अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में मंत्री शाही ने अधिवक्ताओं व अधिकारियों को संविधान के अनुरूप कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “कोई भी व्यक्ति या संस्था सुप्रीम कोर्ट से ऊपर नहीं है। कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, निजी विचार किसी पर नहीं थोपे जाने चाहिए।”
उन्होंने न्याय प्रक्रिया में संतुलन और संवेदनशीलता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सात वर्ष से कम सजा वाले मामलों में सीधे जेल भेजने की प्रवृत्ति पर पुनर्विचार आवश्यक है।

नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा ने अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्ष का ऐलान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा की मांग की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश तिवारी, सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, वरिष्ठ अधिवक्ता सिंगासन गिरी सहित सैकड़ों अधिवक्ता एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
