देवरिया पोस्ट। जिले के खामपार क्षेत्र के अंतर्गत पेट्रोल पंप मालिक से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार बदमाशों समेत घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल व लूट की रकम बरामद की है।
आपको बता दे कि दो फरवरी की शाम जब भटनी थाना क्षेत्र के जगरनाथ छपरा निवासी उमेश राय अपना पेट्रोल पंप बंद कर घर लौट रहे थे। भिंगारी-भटनी मार्ग पर दुदही गांव के पास दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर 62 हजार रुपए लूट लिए। ग्रामीणों की आहट पाकर बदमाश भागने लगे, जिसमें उनकी एक बाइक वहीं छूट गई।
एसपी विक्रांत वीर के अनुसार, एसओजी और थाना खामपार की टीम ने अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए महेंद्र कुमार भारती, रंजीत राजभर, अभिषेक कुशवाहा और रितेश सिंह को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर के आधार पर की गई। पकड़े गए बदमाशों में से रितेश सिंह और अभिषेक कुशवाहा पूर्व में भी उत्तर प्रदेश के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातों में शामिल रह चुके हैं।
पकड़े गए बदमाशों ने घटना को कबूल लिया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और लूट के 5943 रुपए बरामद हुआ है।




