देवरिया, 8 अगस्त — देवरिया डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को दीवानी न्यायालय के सेंट्रल हाल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की शुरुआत वर्तमान अध्यक्ष सिंहासन गिरी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाने के साथ हुई। इसके पश्चात अध्यक्ष ने कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों को भी शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में जनपद के उच्चाधिकारी, न्यायिक अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश राममिलन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बार और बेंच न्याय व्यवस्था के दो मजबूत स्तंभ हैं, जिनका साझा उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों को समयबद्ध और निष्पक्ष न्याय दिलाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय मंदिर की पवित्रता को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित बार कार्यकारिणी त्वरित न्याय प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वकालत सिर्फ संख्या बल से नहीं, आत्मबल से पहचानी जाती है। यह आत्मबल ज्ञान, अध्ययन और विवेक से विकसित होता है। उन्होंने बार के सदस्यों से समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार चतुर्वेदी, मंत्री अर्जुन यादव, उपाध्यक्ष अमरेंद्र धर द्विवेदी और अभिषेक मिश्र को शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त कनिष्ठ उपाध्यक्ष अमन मणि, संयुक्त सचिव प्रियंका त्रिपाठी, शिवप्रकाश यादव, मनीष सिंह तथा कोषाध्यक्ष त्रिपुरेश शर्मा सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने शपथ ग्रहण की।
समारोह में पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, अपर जिला जज सुभाष चंद्र मौर्य, न्यायिक अधिकारी मनोज कुमार तिवारी, शिखा रानी जयसवाल समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिवक्ताओं ने न्यायिक गरिमा, वकालत पेशे की मर्यादा और संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण समारोह के अंत में अध्यक्ष मनोज मिश्र ने बार के समन्वित विकास, अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और न्यायपालिका के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने का भरोसा दिलाया। समारोह का संचालन गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में हुआ और यह कार्यक्रम अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत बना।




