देवरिया शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों पर छापेमारी की है। इस दौरान मसाज की आड़ में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के कई स्पा सेंटर संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए हैं।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कुछ स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में अवैध गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी को टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद भटवलिया और मेहड़ा पुरवा क्षेत्रों में छापेमारी की गई।
छापेमारी में 15 लोग हिरासत में, 11 पर केस दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आठ युवतियों और सात युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद चार लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इनमें तीन पुरुष और आठ युवतियां शामिल हैं। सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
दो स्पा सेंटरों के संचालकों पर मुकदमा
सदर कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक विज्ञानकर सिंह की तहरीर पर कठिनइया स्थित रिलैक्स स्पा सेंटर और पूरवा स्थित हेवन स्पा सेंटर के संचालकों व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि इन केंद्रों पर बाहर से युवतियों को बुलाकर मसाज की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा था।

अन्य क्षेत्रों में भी बंद हुए स्पा सेंटर
इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर के अन्य स्पा सेंटर संचालक भी अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए। सलेमपुर, बरहज और भाटपाररानी क्षेत्रों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली है।
अभियान जारी रहेगा: पुलिस
एडिशनल एसपी (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार, कम लागत में अधिक मुनाफे के कारण इस तरह के अवैध कारोबार बढ़ रहे हैं, जिन्हें सख्ती से रोका जाएगा।



