देवरिया। शहर के नेशनल पब्लिक स्कूल, सोदा के प्रांगण में पुरस्कार वितरण एवं दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री श्रुति शर्मा (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट) रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. जे.एन. पांडेय (शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ), दिनेश कुमार त्रिपाठी (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ), अवनीश यादव (पूर्व अध्यक्ष, छात्र संघ इलाहाबाद विश्वविद्यालय), अशोक मिश्रा (प्रबंधक, संत विनोबा पीजी कॉलेज), अनिल मिश्रा (डायरेक्टर, एनपीएस), रवि प्रकाश मिश्रा, भानु प्रताप सिंह (प्रबंधक, राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज), सनत कुमार पांडेय, सच्चिदानंद सिंह राणा, अमित तिवारी, गिरिजेश मिश्रा एवं शिवानंद मिश्रा (सभासद) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्रा, निर्देशक राजीव शंकर मिश्रा एवं प्रधानाचार्या मृदुला सिंह बघेल ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। यूकेजी के विद्यार्थियों का दीक्षांत संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों द्वारा वेद मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। साथ ही नृत्य, गीत एवं भाषण प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी कक्षाओं के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹1100 की छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुश्री श्रुति शर्मा ने कहा कि यह दिन केवल पुरस्कार का नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण भी है। प्रधानाचार्या मृदुला सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित करते हुए सफलता को विनम्रता के साथ स्वीकार करने की सलाह दी।
अंत में भटनी शाखा की प्रधानाचार्या अंजू मिश्रा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रिया मिश्रा, खुशबू शुक्ला, अनुपमा कुशवाहा, विद्युभूषण मिश्रा एवं अर्पिता सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



