सोशल मीडिया पर उठी आवाज बनी सहारा, दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी को जिला प्रशासन ने दी ट्राईसाइकिल

गोपालगंज। जिले में संवेदनशील प्रशासनिक पहल का एक प्रेरक उदाहरण सामने आया है। सोशल मीडिया पर सामने आई एक दिव्यांग छात्रा की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और उसे ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराकर राहत पहुंचाई। इस पहल के बाद छात्रा और उसके परिवार में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार भोरे प्रखंड के रामनगर गांव की रहने वाली 15 वर्षीय सोनी कुमारी जन्म से ही शारीरिक रूप से दिव्यांग है। वह ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की छात्रा है और पढ़ाई के प्रति बेहद लगनशील है। हालांकि स्कूल आने-जाने में उसे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। संसाधनों की कमी के कारण रोजाना लंबी दूरी तय करना उसके लिए चुनौती बन गया था।

इसी बीच सोनी की परेशानी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसमें उसकी स्थिति को दिखाया गया था। यह वीडियो तेजी से लोगों तक पहुंचा और प्रशासन का भी ध्यान इस ओर गया। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार और वरीय उप समाहर्ता सह प्रभारी पदाधिकारी (दिव्यांग कोषांग) अजय कुमार ने पूरे मामले की जांच कराई। छात्रा की स्थिति और आवश्यक दस्तावेजों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन की ओर से उसे तुरंत नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई।

ट्राईसाइकिल मिलने के बाद सोनी कुमारी की खुशी देखते ही बन रही थी। अब वह आसानी से स्कूल जा सकेगी और अपनी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रख पाएगी। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे छात्रा के आत्मविश्वास और शिक्षा दोनों को नई दिशा मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की है। प्रशासन का कहना है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक मदद पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि किसी भी बच्चे की शिक्षा संसाधनों के अभाव में बाधित न हो। इस दौरान लखेन्द्र दास प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी भोरे उपस्थित रहे ।

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn