देवरिया। जिले के नौतन हथियागढ़ गांव में दलित किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
घटना का विवरण
यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। किशोरी अपने भाई अनीश और बड़ी बहन गुड़िया के साथ मोबाइल ठीक कराने सहोदर पट्टी चौराहे जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
प्रेम संबंध और शक बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि शहबाजपुर निवासी आदित्य सिंह उर्फ शिवम सिंह का ननिहाल नौतन हथियागढ़ गांव में है। इसी कारण उसका गांव में आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान गांव की इंटर की छात्रा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से आरोपी किशोरी पर शक करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा, जिसके बाद आरोपी ने अपने साथी राकेश कुमार गौड़ के साथ मिलकर किशोरी की चाकू मारकर हत्या कर दी।
बिहार भागने की कोशिश में गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने देर रात घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पटनवा पुल के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुशीनगर के रास्ते बिहार भागने की फिराक में थे। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।

नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात शव को गांव लाया गया। सोमवार शाम करीब 8 बजे छोटी गंडक नदी के किनारे पिता ने बेटी को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।



