लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पुलिस को आज एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राज्य में चयनित 60,244 नवसिपाही को आज नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित भव्य समारोह में इन सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
इस विशाल भर्ती में सबसे ज्यादा चयन आगरा से हुआ है, जहां 2,349 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। वहीं अन्य राज्यों से भी 1,145 अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए हुआ है, जिससे यह भर्ती और भी व्यापक बन गई है।
कार्यक्रम तैयारियों का जायजा लिया डीजीपी ने
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीजीपी राजीव कृष्णा ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डिफेंस एक्सपो मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में प्रदेश भर से चयनित सिपाही भाग लेंगे, जिन्हें गृह मंत्री और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।
रातभर रुकने की व्यवस्था
प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों के लिए उनके गृह जिले से लेकर कार्यक्रम स्थल तक एक मध्यवर्ती जिला निर्धारित किया है, जहां वे रातभर रुकेंगे और अगली सुबह कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
पदों का विवरण
इस बार की भर्ती में नागरिक पुलिस के पदों पर कुल
- 48,196 पुरुष सिपाही
- 12,048 महिला सिपाही
का चयन हुआ है।
यह भर्ती अभियान उत्तर प्रदेश पुलिस की क्षमता और व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा, साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में नई ऊर्जा और युवा शक्ति का संचार करेगा।