लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। पुलिस विभाग में लंबे समय से चल रही भर्तियों की प्रतीक्षा अब खत्म होने वाली है। इस बार पहले दरोगा यानी उपनिरीक्षकों के 4543 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जबकि सिपाही के 19220 पदों की भर्ती बाद में होगी।
पहले दरोगा, फिर सिपाही
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पहले ही पुलिस मुख्यालय से दरोगा और सिपाही समेत करीब 24 हजार पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव प्राप्त कर लिया था। हालांकि, अप्रैल के तीसरे सप्ताह में भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने की योजना थी, लेकिन अब तक इसमें देरी हो रही थी।
अब दरोगा भर्ती को लेकर तेज हलचल शुरू हो चुकी है। शासन की ओर से इस भर्ती के लिए आयु सीमा में 3 साल की छूट दिए जाने के बाद रास्ता लगभग साफ हो गया है। सूत्रों की मानें तो जुलाई महीने में दरोगा भर्ती की विज्ञप्ति जारी की जा सकती है।
सिपाही भर्ती में देरी क्यों?
जहां एक ओर दरोगा भर्ती पर मुहर लग चुकी है, वहीं सिपाही भर्ती को लेकर कुछ अहम बिंदुओं पर अभी भी शासन से अनुमति का इंतजार है। इस कारण इस भर्ती प्रक्रिया में देरी के आसार हैं।
जेल वार्डर भर्ती का भी इंतजार
सिर्फ पुलिस ही नहीं, कारागार विभाग में भी 2833 जेल वार्डरों की सीधी भर्ती का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बोर्ड ने अप्रैल में ही इसकी घोषणा की थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इससे अभ्यर्थियों का इंतजार और बढ़ गया है।